#Raipur नगर निगम के मेयर ने गाय को घोषित किया ‘नगर माता’

रायपुर, ब्यूरो। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस शासित नगर निगम एक चौंकाने वाला निर्णय लिया है। दरअसल, रायपुर नगर निगम के मेयर प्रमोद दुबे ने गाय को नगर माता घोषित कर दिया है। नगर निगम ने बकायदा प्रस्ताव पारित कर गाय को नगर माता घोषित किया है।आपको बता दें कि हाल ही में राज्य की गोशाला में सैकड़ों गाय भूख प्यास से मर गई है। इसके बाद कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर मुखर है। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस नेता पीसीसी चीफ भूपेश बघेल के नेतृत्व में गायों को सीएम हाऊस छोड़ने पहुंचे थे।

हम गाय के प्रति ईमानदार
रायपुर नगर निगम के मेयर प्रमोद दुबे के मुताबिक छत्तीसगढ़ की राजधानी में गौ माता को नगर माता बनाए जाने का प्रस्ताव सभी ने पारित किया है। वे कहते हैं कि मुगल काल से होते हुए आज भी गाय को मातृतुल्य मानते हैं लेकिन क्या हम उनके प्रति ईमानदारी से काम करते हैं? यूं ही कोई बात कहना और सचमुच में चीजें करने में काफी फर्क है।

यहां है पेंच, संविधान में कोई उल्लेख नहीं
गाय को भले ही आमजनों की भाषा में गौ माता कहा जाए लेकिन विधिवत रूप से गौ माता कहने के लिए संविधान में कोई उल्लेख नहीं है।  यही स्थिति नगर पालिका अधिनियम की भी है। नगर पालिका अधिनियम में शहर का प्रथम नागरिक घोषित करने को लेकर बकायदा नियम प्रक्रिया दर्ज है। पर किसी जानवर को शहर माता घोषित करने को लेकर कोई प्रावधान नहीं है।

अफसर कर रहे माथापच्ची
अफसर माथापच्ची कर रहे है कि आखिर किस नियम और प्रक्रिया के तहत गाय को नगर माता घोषित करने वाले प्रस्ताव पर वे अपनी मुहर लगाएं। इन सभी बातों से बेखबर मेयर ने तो बाकायदा प्रस्ताव पारित कर अपना फैसला सुना दिया।



Share on Google Plus

1 comments:

  1. कांग्रेसी Dheere Dheere seekhne Lagi Hai

    ReplyDelete