बेंगलुरु। कर्नाटक में इस शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है। चुनाव प्रचार में अब सिर्फ दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में राज्य की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा के नेता एक दूसरे पर जमकर जुबानी तीर चला रहे हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी चुनाव प्रचार के आखिरी पलों में पार्टी के लिए मोर्चा संभाल लिया है। करीब दो साल बाद चुनावी रैली कर सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। सोनिया ने बीजापुर की रैली में कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक के विकास के लिए काम किया। वहीं केंद्र सरकार राज्य के विकास कार्यों के लिए पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। कांग्रेस ने कर्नाटक को देश का नम्बर एक राज्य बनाया और जनता के लिए कई योजनाएं शुरू की।
हमने गरीबों के लिए अथक काम किया, हमने मनरेगा स्कीम शुरू की लेकिन भाजपा और मोदी जी ने इसका विरोध किया। सोनिया ने किसानों के मुद्दे पर भी पीएम मोदी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा 'कर्नाटक के किसान सूखे के कारण परेशानी झेल रहे हैं। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया किसानों के लिए पीएम से मिलना चाहते थे लेकिन, मोदी उनसे नहीं मिले। मोदी ने ऐसा कर सिर्फ किसानों का ही नहीं बल्कि कर्नाटक का अपमान किया है। सूखे की परेशानी झेल रहे सभी राज्यों को केंद्र सरकार से सहायता मिली। लेकिन, कर्नाटक को बहुत कम दिया गया। ये किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। मैं मोदी जी से पूछती हूं कि क्या यहीं सबका साथ, सबका विकास है।'
मोदी जी को इस बात का गर्व है कि वे बहुत अच्छे वक्ता हैं। मैं ये स्वीकार करती हूं। वो एक अभिनेता की तरह बोलते हैं। मुझे खुशी होगी अगर उनके भाषणों से देश में भुखमरी खत्म होगी। लेकिन, भाषणों से खाली पेट नहीं भरते। उनके लिए भोजन चाहिए होता है।
सोनिया यहीं नहीं रूकी, उन्होंने कहा कि मोदी जी पर कांग्रेस मुक्त भारत का जुनून है, उन्हें इसका भूत लगा है। कांग्रेस मुक्त भारत तो छोड़िये, वो अपने सामने किसी को बर्दाश्त नहीं कर सकते।
0 comments:
Post a Comment